बीते 24 घंटों के दौरान मिले 50 हजार से कम कोरोना केस


देश में पिछले पांच हफ्तों से प्रतिदिन नए मामलों से अधिक कोरोना के मरीज ठीक हो रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप सक्रिय मामलों में गिरावट का रुख कायम है। बीते 24 घंटों के दौरान जहां 50 हजार से कम नए केस मिले हैं, वहीं 54 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए हैं। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 92.32 फीसद हो गई है। सवा लाख के करीब मरीजों की अब तक इस महामारी से मौत भी हो चुकी है। 


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा, 'भारत में पिछले पांच हफ्तों से प्रतिदिन नए मामलों से अधिक संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं।' इस दौरान नए मामलों में भी लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। अक्टूबर के पहले हफ्ते में प्रतिदिन औसत 73 हजार नए मरीज सामने आ रहे थे, जो घटकर अब 46 हजार रह गए हैं। मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक सक्रिय मामले भी लगातार घट रहे हैं। फिलहाल इनकी संख्या 5.20 लाख है, जो कुल मामलों का 6.19 फीसद है। बीते 24 घंटों के दौरान 47,638 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 84.11 लाख हो गई है। इस दौरान 54,157 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 77.65 लाख हो गया है। वहीं, इस महामारी ने और 670 मरीजों की जान ले ली है। अब तक 1,24,985 लोगों की मौत इस महामारी की वजह से हो चुकी है। हालांकि, मृत्युदर में लगातार गिरावट आ रही है और मौजूदा समय में यह 1.49 फीसद है।


भारत को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सफलता तो मिल रही है, लेकिन बंगाल और केरल जैसे राज्यों में इसका कहर बना हुआ है। बंगाल में बीते चौबीस घंटों के दौरान रिकॉर्ड 4,283 नए मामले मिले हैं और 55 लोगों की मौत भी हुई है। राज्य में संक्रमितों और मृतकों की संख्या क्रमश: 3.54 लाख और 7,177 हो गई है। इसी तरह केरल में 7,007 नए केस मिले हैं और 27 लोगों की जान गई है। राज्य में कुल मामले और मृतक क्रमश 4.62 लाख और 1,640 हो गए हैं।