भाजपा ने शुक्रवार को गोहाना के गांवों में निकाली ट्रैक्टर यात्रा


भाजपा ने शुक्रवार को गोहाना के विभिन्न गांवों में किसानों के साथ मिल कर ट्रैक्टर यात्रा निकाली और नई सब्जी मंडी में रैली करके कांग्रेस को उनकी खेती बचाओ यात्रा का जवाब दिया। भाजपा की यात्रा में किसान अपने परंपरागत ट्रैक्टरों पर सवार होकर पहुंचे, जिससे कांग्रेस को आईना दिखाने की कोशिश की गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि किसानों के ट्रैक्टरों पर सोफे वाली सीट नहीं होती है। किसानों के उत्साह को देख कर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ट्रैक्टर की सीट पर खड़े हो गए और उनका अभिवादन किया।


भाजपा नेताओं के नेतृत्व में किसानों ने बरोदा हलका के कई गांवों से ट्रैक्टर यात्रा शुरू की। सभी नेताओं की यात्राएं गोहाना की नई सब्जी मंडी में पहुंच कर संपन्न हुई। यहां पर किसानों ने भाजपा की किसान धन्यवाद यात्रा के नाम पर रैली में भाग लिया। भाजपा नेता ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त के नेतृत्व में किसानों ने खरखौदा रोड स्थित गांव बलि ब्राह्मणान से नई सब्जी मंडी तक ट्रैक्टर रैली निकाली। 


भाजपा नेता अनूप कुंडू ने अपने गांव बुटाना से किसानों के साथ नई सब्जी मंडी तक ट्रैक्टर रैली निकाली। भाजपा नेता रविंद्र जागलान ने अपने गांव निजामपुर और भाजपा नेता भूपेंद्र मोर ने गांव बरोदा नई सब्जी मंडी तक रैली निकाली। भाजपा नेता गुशलन विरमानी और नगर परिषद की अध्यक्ष रजनी विरमानी ने बरोदा रोड से ट्रैक्टर रैली शुरू की। इसी तरह से कई नेताओं ने किसानों के साथ क्षेत्र में ट्रैक्टर रैली निकाली और नई सब्जी मंडी में किसान धन्यवाद यात्रा में पहुंचे। क्षेत्र के विभिन्न मार्गों पर ट्रैक्टर ही ट्रैक्टर नजर आए।