बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यूपी की नवगठित टीम को दी शुभकामनाएं


उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की नई टीम से परिचयात्मक बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सत्ता प्राप्ति नहीं वरन सामाजिक परिर्वतन को लक्ष्य मानकर कार्य करने का मंत्र दिया। नड्डा की वर्चुअल बैठक में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत अन्य प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे।


जगत प्रकाश नड्डा ने नवगठित प्रदेश टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पद नहीं जिम्मेदारी है। सभी पदाधिकारियों को नियमित प्रवास कर संगठन को मजबूत करना है। इसके साथ ही बूथ की गतिविधियां आगे बढ़ाने का काम भी करना चाहिए। नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश संगठनात्मक दृष्टि से बहुत मजबूत है। सबसे अधिक सक्रिय सदस्य तथा साधारण सदस्य उत्तर प्रदेश से हैं। उन्होंने आईटी क्षेत्र के लिए कई सुझाव भी दिये। सांसद, विधायकों तथा जनप्रतिनिधियों का संपर्क नंबर सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर प्रसारित करने का सुझाव दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा. दिनेश शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी उपस्थित थे।