तहसीलदार सहित होमगार्ड व पुलिस के 32 जवान होम क्वारंटाइन


जिला चंबा के भटियात क्षेत्र स्थित थुलेल क्वारंटाइन सेंटर में रखे व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन व पुलिस सतर्क हो गए हैं। शुक्रवार को उक्त व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा शिफ्ट किया गया है। साथ ही उसके संपर्क में आए परिवार के सदस्यों, पुलिस तथा होमगार्ड जवानों सहित नायब तहसीलदार सिहुंता को भी होम क्वारंटाइन किया गया है।


इनमें नायब तहसीलदार, हटली बैरियर पर तैनात 13 पुलिस जवान, सिहुंता पुलिस चौकी के 11 कर्मचारी, पांच होमगार्ड के अलावा थुलेल क्वारंटाइन सेंटर में सेवाएं दे रहे तीन होमगार्ड शामिल हैं। पुलिस व प्रशासन किसी भी तरह का कोई भी जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। प्रशासन द्वारा अन्य लोगों को भी घरों में ही रहने की हिदायत दी जा रही है। वीरवार को कुल 70 सैंपल लेकर जांच के लिए टांडा भेजे गए थे। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार को पहुंची थी। इनमें से 68 सैंंपल की रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। एक सैंपल को दोबारा भेजा गया था।


एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। अब तक जिला चंबा में कुल छह लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से चार जमाती थे। चार जमातियों में से तीन की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। जबकि, एक की रिपोर्ट पॉजिटिव ही है। ऐ से में हाल ही में दो और व्यक्तियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद जिला में वर्तमान समय में कोरोना पॉजिटिव लोगों की कुल संख्या तीन हो गई है।