भारत में कोरोना से अब तक नौ लोगों की मौत


असम ने भी पूरे राज्य में कोरोना के बढ़ते प्रभाव को लेकर 24 मार्च से 31 मार्च की शाम 6 बजे तक राज्य लॉक डाउन कर दिया है। वहीं, कोरोना वायरस के बढ़ते मामले को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कर्फ्यू लगाने का आदेश दे दिया है। पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस (COVID-19) से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। देश में इससे मरने वालों की संख्या नौ हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस (COVID-19) के पॉजिटिव मामलों की संख्या 425 हो गई है। 23 लोग ठीक हो गए। अभी तक कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के देखते हुए पंजाब में 31 मार्च तक कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं पुडुचेरी में रात 9 बजे से कर्फ्यू लगा दिया जाएगा। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के सभी केंद्रों में ओपीडी सेवाएं अगले आदेश तक बंद रहेंगी। भारत सरकार ने राज्यों से लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के लिए कहा है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


गुजरात में भी 31 मार्च तक लॉकडाउन कर दिया गया है। गुजरात के डीजीपी शिवानंद झा ने कहा कि आज रात 12 बजे से पूरे राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य की सीमाओं को पूरी तरह सील कर दिया गया है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।बंगाल में कोरोना वायरस से पहली मौत। पिछले चार दिनों से कोलकाता से सटे साल्टलेक स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कोरोना पीड़ित एक प्रौढ़ की सोमवार दोपहर मौत हो गई। कोलकाता में सात कोरोना वायरस संक्रमित रोगी है जिनमें से दमदम क्षेत्र के रहने वाले इस व्यक्ति की मृत्यु हुई है। जानकारी के अनुसार मरीज की हालत शुरू से ही काफी गंभीर थी। पिछले कई दिनों से वेंटिलेशन पर थे। पिछले सप्ताह सोमवार से अस्पताल में भर्ती था। ये कभी विदेश नहीं गया,  लेकिन छत्तीसगढ़ से ट्रेन से लौटे थै। इसके बाद ही वह बीमार हो गया था।


हिमाचल प्रदेश में में भी एक कोरोना पीड़ित की मौत हो गई है। 69 वर्षीय तिब्बती शरणार्थी की मौत हिमाचल के टांडा में एक अस्पताल में हुई। उसका कोरोनो वायरस परीक्षण पॉजिटिव पाया गया है। वह 15 मार्च को अमेरिका से भारत लौटे थे। नेपाल सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के चलते 24 मार्च को सुबह 6 बजे से देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की है जो कि 31 मार्च तक लागू होगा। बता दें कि नेपाल में आज एक और कोरोना वायरस का पॉजिटिव मामला सामने आया है। नेपाल में अब तक कुल कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या यहां 2 हो गई है।