दिल्ली में प्रचंड बहुमत से बनी केजरीवाल की सरकार


निर्वाचन आयोग के ताजा आकड़ों के मुताबिक आम आदमी पार्टी 70 में से 63 सीटों पर,वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सात सीटों पर आगे चल रही है। वहीं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पटपड़गंज सीट पर और राजेंद्र नगर सीट से राघव चढ्ढा जीत गए हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में मालवीय नगर सीट से आप उम्मीदवार सोमनाथ भारती 18,144 और मुस्तफाबाद सीट से हाजी यूनुस 20,704 मतों के अंतर से जीते। सीलमपुर से आप प्रत्याशी अब्दुल रहमान ने भाजपा के कौशल कुमार मिश्रा को 27 हजार से ज्यादा मतों से हराया। 


आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की जीत पर उन्हें बधाई दी। तेजस्वी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने जो जनादेश दिया है, उससे पता चलता है कि वे काम और विकास पर वोट देंगे।


कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की जीत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है। राहुल ने ट्वीट कर कहा, ‘केजरीवाल और आप को दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने पर बधाई और मेरी शुभकामनाएं।’ दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी सुनीता, मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के कई दिग्गज नेताओं व सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मत्था टेका।


अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज भगवान हनुमान का दिन है जिन्होंने दिल्ली के लोगों को आशीर्वाद दिया है। हम प्रार्थना करते हैं कि हनुमान जी हमें सही रास्ता दिखाते रहें ताकि हम अगले पांच वर्षों तक लोगों की सेवा करते रहें। उन्होंने जनता को आई लव यू भी बोला। दिल्ली के लोगों ने नई किस्म की राजनीति को जन्म दिया है। दिल्ली के लोगों ने कह दिया कि वोट उसी को जो घर-घर को पानी देगा, सड़क बनवाएगा, मोहल्ला क्लीनिक बनवाएगा।


केजरीवाल ने कहा, सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद, उन्होंने रात दिन मेहनत की। मेरे परीवार ने भी खूब मेहनत की और आज मेरी पत्नी का जन्मदिन भी है। नई राजनीति देश के लिए शुभ संदेश है। दिल्ली ने नई राजनीति को जन्म दिया। सीएम केजरीवाल ने कहा कि सभी दिल्लीवासियों की जीत है ये। दिल्ली ने तीसरी बार बेटे पर भरोसा जताया।