ठंड और बारिश के कारण कल लखनऊ में बंद रहेंगे स्कूल


ठंड और भारी बारिश की संभावना देखते हुए 17 जनवरी को लखनऊ में प्राइमरी से कक्षा आठ तक के सभी स्कूल बंद रहेंगे। जबकि नवीं से 12वीं तक की कक्षाएं को सुबह 10.00 बजे से 3.00 बजे तक संचालित की जाएंगी। वहीं, लखनऊ में बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश बृहस्पतिवार भी जारी रही। जिससे कि ठंड बढ़ गई। प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है।शुक्रवार को भी बारिश जारी रह सकती है। मंगलवार देर रात से शहर में शुरू बूंदाबांदी का दौर बुधवार को सुबह के बाद दोपहर को जोरों पर आ गया। नदी से सटे इलाकों में दोपहर के वक्त बूंदाबांदी हुई। बारिश के साथ रुक-रुक कर चले हवा के झोंको ने लोगों को सिहराया।


खराब मौसम के चलते बुधवार को अमौसी एयरपोर्ट पर दिल्ली, बंगलुरु की तीन उड़ाने रद्द रहीं। वहीं, अन्य विमान भी देरी के शिकार हुए। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर मंगलवार रात दिल्ली से लखनऊ आने वाली गोएयर की फ्लाइट रद्द कर दी गई थी। इस कारण बुधवार सुबह 6.40 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट कैंसिल रही। गोएयर की बंगलुरु से लखनऊ  आने वाली शाम 6:30 बजे की उड़ान भी निरस्त कर दी गई। ऐसे ही इंडिगो की लखनऊ से सुबह 8:10 बजे पटना जाने वाली फ्लाइट सवा दो घंटे लेट रही। सुबह 10:10 बजे बंगलुुरु जाने वाला इंडिगो का विमान एक घंटे, गोएयर का दोपहर 1:35 बजे मुंबई जाने वाला विमान दो घंटे, इंडिगो का शारजाह जाने वाला विमान 45 मिनट, एयर इंडिया का दिल्ली जाने वाला विमान एक घंटे लेट हुुआ।