अनिल विज ने पाकिस्तान को बताया कांग्रेस की औलाद


हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने नागरिकता संशोधन कानून के मामले में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि कांग्रेस पाकिस्तान को संरक्षण देने वाली राजनीति कर रही है। विज ने कांग्रेस को पाकिस्तान का समर्थक करार देते हुए कहा कि पाकिस्तान कांग्रेस की ही औलाद है। पाकिस्तान का जन्म ही कांग्रेस की बदौलत हुआ है। 


अनिल विज ने कहा कि पाकिस्तान के पीएम इमरान खान और कांग्रेस के बयान एक ही पैमाने पर चल रहे हैं। चाहे वह धारा 370 की बात हो, चाहे पीओके पर कब्जा लेने की बात हो या चाहे नागरिकता संशोधन कानून की बात हो, इनके सुर हमेशा एक जैसे ही बजते हैं। उन्होंने कहा कि इनका एजेंडा हमेशा ही देश की जनता को भ्रमित करके देश में अशांति का माहौल बनाने का रहा है, लेकिन अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है और उन्हें इस बात की समझ है कि कौन सी बात देश के खिलाफ है और कौन सी बात देशहित में है।


अनिल विज ने कहा कि जिन लोगों के ये कानून समझ आ गया है। वह अब इसके समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। हरियाणा में सरकार की तरफ से नागरिकता कानून को लागू करने के लिए लोगों के लिए कैंप भी लगाए जाएंगे। इसके लिए अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है कि कागजात निकालने शुरू किए जाएं, जिससे लोगों को नागरिकता देने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।