सत्या कौंडल बनीं शिमला नगर निगम की 14वीं महापौर


राजधानी के संजौली वार्ड से भाजपा समर्थित पार्षद सत्या कौंडल नगर निगम शिमला की 14वीं महापौर जबकि लोअर ढली वार्ड से पार्षद शैलेंद्र चौहान 13वें उप महापौर चुने गए हैं। बुधवार को हुए चुनाव में भाजपा ने 21-11 से एकतरफा जीत हासिल की। दोनों का कार्यकाल ढाई साल होगा। हालांकि, भाजपा ने क्षेत्रीय संतुलन को दरकिनार कर स्थानीय विधायक एवं शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज और मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा को ही साधने का काम किया। उपायुक्त कार्यालय परिसर में करवाए गए चुनाव में सत्या कौंडल के खिलाफ कांग्रेस ने कसुम्पटी पार्षद राकेश चौहान को मैदान में उतारा था। उप महापौर के लिए शैलेंद्र चौहान और कांग्रेस पार्षद सुषमा कुठियाला में टक्कर थी। 34 में से 32 पार्षदों ने चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
इसमें भाजपा समर्थित सभी 21 पार्षदों ने अपने प्रत्याशियों को वोट देकर एकतरफा जीत दिला दी। उधर, उल्टफेर की उम्मीद कर रही कांग्रेस को सिर्फ अपने ही 11 पार्षदों के वोट मिले। दोनों पार्टियों की ओर से कोई क्रॉस वोटिंग नहीं हुई। चुनाव नतीजे सामने आने के बाद बचत भवन में ही नई महापौर और उप महापौर को शपथ भी दिलाई गई।